रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रग तस्करी का एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने मुशर्रफ नाम के आरोपी को करीब 5 ग्राम ड्रग के साथ पकड़ा था। लेकिन जब्त मादक पदार्थ का वजन करने और पंचनामा तैयार करने के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र के काला तालाब के पास की है। जानकारी के मुताबिक, ANTF की टीम ने आरोपी को पकड़ने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मौदहापारा पुलिस को सौंपा था। पुलिस मौके पर गिरफ्तारी और जब्ती से जुड़े दस्तावेज तैयार कर रही थी।
इसी दौरान जब्त ड्रग का वजन किया जा रहा था। पुलिस इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी बना रही थी, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। बताया जा रहा है कि वीडियो बनाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे ही तौल की कार्रवाई शुरू हुई, आरोपी ने मौका देखकर वहां से भागने की कोशिश की और पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी।
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने शहर में अलर्ट जारी कर उसकी खोजबीन शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार्रवाई के दौरान सुरक्षा में चूक कैसे हुई और आरोपी किस दिशा में भागा।
