रायपुर। छठ महापर्व पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत की घोषणा की है। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इनमें से तीन जोड़ी ट्रेनें रायपुर होकर गुजरेंगी। इससे छत्तीसगढ़ में रहने वाले पूर्वांचल के यात्रियों को अपने घर पहुंचने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
छठ महापर्व 13 नवंबर से शुरू हो रहा है। इस दौरान रायपुर और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग बिहार, उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के दूसरे क्षेत्रों में जाते हैं। नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
इन तारीखों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
- बिलासपुर–छपरा (08255): 14 और 21 नवंबर को बिलासपुर से रवाना होगी।
- दुर्ग–हजरत निजामुद्दीन (08751): 15 नवंबर को दुर्ग से चलेगी।
- दुर्ग–बरौनी (08755): 11 और 18 नवंबर को रवाना होगी।
- गोंदिया–पटना (08895): 13 और 20 नवंबर को गोंदिया से चलेगी।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, इन विशेष ट्रेनों के संचालन से त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध हो सकेंगी।
यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन का समय, ठहराव और सीटों की उपलब्धता NTES, रेल वन एप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जरूर जांच लें।
