छत्तीसगढ़ में अंधविश्वास की खूनी वारदात: 2 महिलाओं की मौत का जिम्मेदार मान विधवा को बताया टोनही, हथौड़े से पीटकर हत्या

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग विधवा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। चार लोगों ने दो महिलाओं की बीमारी से हुई मौत के लिए बुजुर्ग महिला को जिम्मेदार मान लिया था। उन्होंने उसे टोनही समझकर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने मामले में चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना पस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम सरगवां पंडोपारा की है। पुलिस के मुताबिक, वारदात 9 नवंबर की रात करीब 9 बजे हुई। आरोपित देवकुमार देवांगन की बड़ी मां ठुमरी की दो सप्ताह पहले बीमारी से मौत हुई थी। वहीं, मुनेश अगरिया की मां सिबनी की करीब तीन सप्ताह पहले बुखार से मौत हो गई थी। दोनों परिवारों ने इन मौतों के लिए गांव की बुजुर्ग महिला रजपतिया पंडो को जिम्मेदार मानना शुरू कर दिया था।

आरोप है कि इसी अंधविश्वास में देवकुमार, मुनेश, शिवनाथ नगेशिया और रामप्रसाद पंडो महिला के घर पहुंचे। पहले उसे शराब पिलाई गई। इसके बाद रामप्रसाद और शिवनाथ घर के बाहर पहरा देने लगे, जबकि देवकुमार और मुनेश ने घर के अंदर घुसकर हथौड़े से उसके सिर और चेहरे पर वार किए। इससे महिला की मौत हो गई।

10 नवंबर की सुबह महिला का सौतेला बेटा जेठू पंडो घर पहुंचा तो उसे खाट पर खून से लथपथ शव मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने जांच के दौरान संदेह के आधार पर शिवनाथ को हिरासत में लिया। पूछताछ में घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद तीन अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share this Article