बिलासपुर में वनपाल के सरकारी आवास में शराब-मटन पार्टी! चिकन बनाते दिखे डिप्टी रेंजर, 10-15 युवक भी मौजूद; वीडियो वायरल

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में वन विभाग के एक अधिकारी के सरकारी आवास में कथित शराब और मटन पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सीपत वन परिक्षेत्र के वनपाल लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल चिकन-मटन बनाते नजर आ रहे हैं। वहीं, उनके साथ करीब 10 से 15 युवक भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग शराब पीते हुए बैठे हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो दीपावली के दूसरे दिन का है। इसमें जिस जगह पार्टी होती दिखाई दे रही है, वहां वन परिक्षेत्र बिलासपुर और सीपत का बोर्ड भी नजर आता है। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी आवास के इस्तेमाल और विभागीय नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो में एक व्यक्ति जब अधिकारी से वहां चल रही गतिविधियों के बारे में सवाल करता है, तो वे उससे ही अंदर आने की अनुमति लेने की बात पूछते सुनाई देते हैं। इस दौरान संबंधित कमरे को अपना निजी कमरा बताते हुए भी नजर आते हैं।

मामले ने तूल पकड़ा तो वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान लिया। बिलासपुर वनवृत्त के मुख्य वन संरक्षक (CCF) मनोज कुमार पांडेय ने संबंधित एसडीओ को जांच के निर्देश दिए हैं।

CCF के मुताबिक, एसडीओ को जल्द रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि वीडियो में दिखाई देने वाला स्थान सरकारी आवास है या कार्यालय परिसर का हिस्सा और वहां आयोजित पार्टी में विभागीय नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित अधिकारी के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Share this Article