भाभी से अवैध संबंध का आरोप मानसिक क्रूरता, छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने पति का तलाक रखा बरकरार

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक मामले में अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने पति पर अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध होने का निराधार आरोप लगाने को मानसिक क्रूरता माना है। साथ ही परिवार न्यायालय द्वारा पति के पक्ष में दिए गए तलाक के फैसले को बरकरार रखते हुए पत्नी की अपील खारिज कर दी।

मामला दुर्ग निवासी राहुल यादव और उनकी पत्नी अंजली यादव से जुड़ा है। राहुल ने पत्नी के व्यवहार को मानसिक क्रूरता बताते हुए परिवार न्यायालय में तलाक की याचिका दायर की थी। 21 दिसंबर 2023 को परिवार न्यायालय ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया था।

पत्नी ने इस फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दी। उसका आरोप था कि पति ने उसे प्रताड़ित कर 27 मई 2018 को बेटे के साथ मायके छोड़ दिया था। वहीं, पति ने पत्नी पर अपने माता-पिता, दिव्यांग बड़े भाई और भाभी के साथ दुर्व्यवहार करने तथा परिवार से अलग रहने का दबाव बनाने का आरोप लगाया था।

जस्टिस पार्थ प्रीतम साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की युगलपीठ ने सुनवाई के दौरान पाया कि पत्नी ने पति के अपनी भाभी से अवैध संबंध होने का गंभीर आरोप लगाया था, लेकिन इसके समर्थन में कोई प्रमाण नहीं दिया।

कोर्ट ने कहा कि जीवनसाथी के चरित्र पर बिना आधार गंभीर आरोप लगाना मानसिक पीड़ा पहुंचाता है और मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आ सकता है। इसी आधार पर हाई कोर्ट ने तलाक का फैसला बरकरार रखा।

Share this Article