मध्यप्रदेश शिखर खेल अलंकरण एवं 38वें नेशनल गेम्स के पदक विजेता हुए सम्मानित
भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खिलाड़ी वो है, जो जीवन में उच्चतम मापदंड स्थापित करें। अपने पराक्रम और साहस से खेल के साथ जीवन के अन्य क्षेत्रों में भी सफल हो। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण भी इस नाते उत्कृष्ट खिलाड़ी थे। उनका जीवन खिलाड़ियों सहित हम सभी के लिए प्रेरक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को रवीन्द्र भवन में मध्यप्रदेश शिखर खेल अलंकरण और 38वें नेशनल गेम्स-2025 के पदक विजेताओं के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। मध्यप्रदेश खेल के क्षेत्र में निरंतर उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश शिखर
खेल अलंकरण एवं 38वें नेशनल गेम्स 2025 के पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह में सम्मान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मानित और पुरस्कृत खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ समूह चित्र भी निकलवाया।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों ने पूरे देश ही नहीं बल्कि विश्व में प्रदेश का नाम रौशन किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रदेश के खिलाड़ी अगले नेशनल गेम्स में और अच्छा प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश को प्रथम स्थान पर लायेंगे। श्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की खिलाड़ियों के प्रति सजगता है कि उन्होंने हर विधानसभा में एक खेल स्टेडियम बनाने की पहल की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को समारोह में नेशनल गेम्स में प्रदेश को मिली ट्राफी भेंट की गई। समारोह में ओलंपिक संघ के अध्यक्ष श्री रमेश मेंदोला, सचिव श्री दिग्विजय सिंह, प्रमुख सचिव श्री मनीष सिंह और उप सचिव श्री अजय श्रीवास्तव उपस्थित थे। संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्री राकेश गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया। संयुक्त संचालक श्री बी.एल. यादव ने आभार माना।
विक्रम पुरस्कार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विक्रम पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। सम्मान स्वरूप प्रत्येक खिलाड़ी को 2-2 लाख रूपये की राशि के चेक दिये गये। शूटिंग खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर खरगौन, क्याकिंग-कैनोइंग (स्लॉलम) खिलाड़ी जान्हवी श्रीवास्तव भोपाल, तीरंदाजी खिलाड़ी रागिनी मार्को जबलपुर, कुश्ती खिलाड़ी शिवानी पवार छिंदवाड़ा, बॉक्सिंग खिलाड़ी श्रुति यादव भोपाल, जूडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य सागर, खोखो खिलाड़ी सचिन भार्गो देवास, हॉकी खिलाड़ी नीलू डाडिया मंदसौर, सॉफ्टबाल खिलाड़ी प्रवीण कुमार दवे इंदौर, शूटिंग (दिव्यांग श्रेणी) रूबिना फ्रांसिस जबलपुर और पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी अपूर्व दुबे इंदौर को विक्रम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
एकलव्य पुरस्कार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एकलव्य पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों को सम्मानित किया। सम्मान स्वरूप प्रत्येक खिलाड़ी को एक-एक लाख रूपये की राशि के चेक दिये गये। समारोह में शूटिंग खिलाड़ी रितुराज बुंदेला टीकमगढ़, क्याकिंग-कैनोइंग (स्लॉलम) खिलाड़ी भूमि बघेल महेश्वर, स्क्वैश खिलाड़ी कृष्णा मिश्रा इंदौर, फेंसिंग खिलाड़ी पूजा दांगी राजगढ़, रोइंग खिलाड़ी प्रभाकर सिंह राजावत ग्वालियर, सेलिंग खिलाड़ी नेहा ठाकुर देवास, तैराकी खिलाड़ी प्रखर जोशी इंदौर, एथलेटिक्स खिलाड़ी अर्जुन वास्कले खरगौन, कुश्ती खिलाड़ी प्रियांशी प्रजापत उज्जैन, हॉकी खिलाड़ी अंकित पाल ग्वालियर और पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी गौरव पचौरी मुरैना को एकलव्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विश्वामित्र एवं लाइफटाइम एचीवमेंट पुरस्कार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वामित्र पुरस्कार प्राप्त प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। सम्मान स्वरूप प्रत्येक प्रशिक्षक को 2-2 लाख रूपये की राशि के चेक दिये गये। सम्मान समारोह में क्याकिंग-कैनोइंग प्रशिक्षक श्री पीजूष कांती बारोई भोपाल, तीरंदाजी प्रशिक्षक श्री अशोक कुमार यादव जबलपुर और हॉकी प्रशिक्षक श्री लोकेन्द्र शर्मा भोपाल को विश्वामित्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जिम्नास्टिक के श्री रतनलाल वर्मा उज्जैन को लाइफटाइम एचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित कर 2 लाख रूपये का चेक भी प्रदान किया गया।
38वें नेशनल गेम्स के पदक विजेताओं को दी गई 546 लाख की सम्मान निधि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मान समारोह में 38वें नेशनल गेम्स 2025 के 34 स्वर्ण पदक विजेता, 25 रजत और 23 कास्य पदक विजेता को भी सम्मानित किया। कुल 18 खेलों के 82 पदक विजेताओं को सम्मान स्वरूप कुल 5 करोड़ 46 लाख की राशि दी गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Refer customers, collect commissions—join our affiliate program!
Turn your network into income—apply to our affiliate program!
Partner with us and enjoy high payouts—apply now!