रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में प्रेम संबंध के शक में 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी और युवक के बीच प्रेम संबंध होने के संदेह में पति ने अपने भतीजे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को सीमेंट के पोल से बांधकर तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेम संबंध के शक में रची हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक, ग्राम बेमता निवासी शंकर पाल उर्फ राजू (38) को अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम पाल (22) के बीच प्रेम संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। इसके बाद शंकर ने अपने भतीजे किशन यादव उर्फ पिंटू (20) के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
टंगिया से हमला कर उतारा मौत के घाट
आरोप है कि मौका मिलते ही दोनों ने पुरुषोत्तम पर टंगिया से हमला कर दिया। उसके सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को पोल से बांधकर तालाब में फेंका
हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपितों ने शव को सीमेंट के पोल से बांधा और गांव के मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया। उन्हें लगा कि शव पानी में डूबा रहेगा और वारदात का खुलासा नहीं होगा।
लापता होने की रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
मृतक के पिता धनेश पाल ने 15 नवंबर को तिल्दा-नेवरा थाने में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि पुरुषोत्तम 14 नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे बेमता ईंट भट्ठे के पास से लापता हो गया था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन शंकर, किशन और पुरुषोत्तम एक साथ देखे गए थे। संदेह के आधार पर दोनों आरोपितों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में किशन ने हत्या की बात कबूल की। इसके बाद दोनों की निशानदेही पर तालाब से पुरुषोत्तम का शव बरामद किया गया। पुलिस ने चाचा-भतीजे को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
