रायपुर एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों में जमकर मारपीट, CISF ने संभाला मोर्चा; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, माना में यात्रियों को टैक्सी में बैठाने को लेकर दो चालकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। एयरपोर्ट परिसर में बीच सड़क पर हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे CISF जवानों ने हस्तक्षेप कर दोनों चालकों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।

सवारी बैठाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट पर यात्रियों को अपनी टैक्सी में बैठाने को लेकर दोनों चालकों के बीच विवाद शुरू हुआ था। पहले दोनों में बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों चालक सड़क पर ही एक-दूसरे से मारपीट करने लगे। इस दौरान वहां मौजूद यात्रियों और अन्य लोगों में असहजता का माहौल बन गया।

CISF जवानों ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान मौके पर पहुंचे। जवानों ने बीच-बचाव कर दोनों चालकों को अलग किया और विवाद शांत कराया। समय रहते हस्तक्षेप नहीं होता तो मामला और बढ़ सकता था।

पहले भी सामने आ चुके हैं विवाद

एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों को अपनी टैक्सी में बैठाने को लेकर चालकों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। बार-बार ऐसी घटनाएं होने से टैक्सी संचालन की व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर चिंता

स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में सार्वजनिक परिसर में टैक्सी चालकों के बीच खुलेआम मारपीट होना विमानतल की छवि के लिहाज से भी चिंता का विषय है। अब सवाल उठ रहा है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए टैक्सी संचालन में अनुशासन और निगरानी सुनिश्चित करने के क्या इंतजाम किए जाएंगे।

Share this Article