रायपुर। छत्तीसगढ़ में पूर्व अग्निवीरों को पुलिस में भर्ती का अवसर देने की दिशा में राज्य सरकार ने अहम कदम उठाया है। गृह विभाग में आरक्षक के 36 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है। इन पदों पर भर्ती में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत श्रेणीवार आरक्षण का प्रावधान पहले ही किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में रविवार को हुई कैबिनेट बैठक में आरक्षक के 36 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई। सरकार का उद्देश्य पूर्व अग्निवीरों के प्रशिक्षण, अनुभव और दक्षता का लाभ राज्य की सेवाओं में लेना है।
आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलेगा
कैबिनेट ने राज्य शासन कार्य (आवंटन) नियम में संशोधन को भी मंजूरी दी। इसके तहत ‘आदिम जाति विकास विभाग’ का नाम बदलकर ‘जनजातीय कार्य विभाग’ किया जाएगा।
पीएम मोदी के 25 साल के कार्यकाल पर अभिनंदन प्रस्ताव
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री साय ने इसे राष्ट्र प्रथम, जनसेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और अंत्योदय के सिद्धांतों को समर्पित यात्रा का ऐतिहासिक पड़ाव बताया।
केंद्र सरकार के फैसलों की सराहना
कैबिनेट ने जीएसटी, अनुच्छेद 370 की समाप्ति, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और माओवादी हिंसा से मुक्ति सहित विभिन्न मुद्दों पर केंद्र सरकार के फैसलों का अभिनंदन किया। साथ ही आवास, नल-जल, स्वच्छता, राशन, स्वास्थ्य और स्वच्छ ईंधन जैसी सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग के लिए केंद्र का आभार जताया।
