छत्तीसगढ़: पावर प्लांट में सफाई के दौरान हादसा, 5 कर्मचारी झुलसे; 70% तक जला शरीर

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित करणी कृपा पावर प्लांट में सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। औद्योगिक भट्ठी (किलन) की सफाई करते समय गर्म डस्ट की चपेट में आने से पांच कर्मचारी झुलस गए। घायलों में कुछ के शरीर का 70 प्रतिशत तक हिस्सा जलने की जानकारी है। सभी को इलाज के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना तुमगांव थाना क्षेत्र स्थित करणी कृपा पावर प्लांट की है। यहां कर्मचारी औद्योगिक भट्ठी की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गर्म डस्ट की चपेट में आने से पांचों कर्मचारी झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना में घायल कर्मचारियों की पहचान मिथिलेश्वर, लाल सिंह, राज कुमार, भागवत और हेमंत के रूप में हुई है। बताया गया है कि सभी कर्मचारी करीब 30 से 70 प्रतिशत तक झुलसे हैं। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।

हादसे की सूचना मिलने के बाद प्लांट प्रबंधन ने तुमगांव थाना पुलिस को जानकारी दी। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

औद्योगिक इकाई में सफाई के दौरान हुए इस हादसे ने कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

Share this Article