जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बस रोककर कंडक्टर से मारपीट और पैसे लूटने के मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने एक युवक और एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए 450 रुपये और वारदात में इस्तेमाल स्टील का कड़ा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 25 नवंबर की शाम करीब 6:15 बजे देवरी मोड़ के पास हुई। साहू बस सर्विस की बस रायपुर से शिवरीनारायण जा रही थी। इसी दौरान दो युवकों ने बस रुकवाई और उसमें चढ़ गए।
कंडक्टर रामकिशन साहू ने जब उनसे पूछा कि उन्हें कहां जाना है, तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने कंडक्टर के साथ हाथ-मुक्कों और स्टील के कड़े से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे हेल्पर को भी आरोपियों ने पीटा। इस दौरान कंडक्टर के हाथ में रखे यात्रियों से वसूले गए 450 रुपये लूटकर दोनों मौके से फरार हो गए।
घटना में कंडक्टर के होंठ और चेहरे पर चोट आई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वप्निल यादव (22), निवासी खरौद और एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर लूट की रकम और स्टील का कड़ा जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर 26 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी केपी सिंह सहित शिवरीनारायण पुलिस की टीम शामिल रही।
