करेली बड़ी खट्टी में भाजपा ने खोला चुनावी कार्यालय, चुनावी तैयारियां तेज

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के करेली बड़ी खट्टी में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। 25 नवंबर को पार्टी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा चुनाव प्रभारी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर शशि पवार ने कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि करेली बड़ी खट्टी के नगर पंचायत बनने से जनता की अपेक्षाएं बढ़ेंगी। ऐसे में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है।

जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा सहप्रभारी अरुण सार्वा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। चुनाव जनता का विश्वास जीतने और क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने संगठन की मजबूती और विकास कार्यों के दम पर चुनाव जीतने का भरोसा जताया।

भाजपा सहप्रभारी ज्योति भानु चंद्राकर ने नगर पंचायत बनने के बाद क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने बेहतर नागरिक सुविधाओं, सड़क, नाली और आधारभूत संरचनाओं के विकास की बात कही।

कार्यक्रम में नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग चार करोड़ रुपये के विकास कार्यों के भूमिपूजन का भी उल्लेख किया गया। महाविद्यालय, सीसी सड़क और नाली निर्माण जैसे कार्यों को लेकर विधायक अजय चंद्राकर की पहल की जानकारी दी गई।

इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, मीणा डेमू साहू, वीरेंद्र साहू सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this Article