छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा 2027 का टाइम टेबल जारी : 12वीं की परीक्षा 12 मार्च और 10वीं की 13 मार्च से होगी शुरू, सुबह 9 बजे से सभी पेपर

admin  - News & Entertainment
3 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) मुख्य परीक्षा वर्ष 2027 की समय-सारणी जारी कर दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 12 मार्च से 8 अप्रैल 2027 तक और 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च से 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक होंगी।

माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार 12वीं की परीक्षा 12 मार्च को हिंदी विषय के पेपर के साथ शुरू होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र, लेखाशास्त्र, फसल उत्पादन एवं उद्यान शास्त्र सहित अन्य विषयों की परीक्षा होगी। 17 मार्च को संस्कृत और 19 मार्च को जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र, पशुपालन, दुग्ध प्रौद्योगिकी, मत्स्य एवं कुक्कुट पालन सहित अन्य विषयों के पेपर होंगे।

इसी क्रम में 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित, 31 मार्च को अंग्रेजी तथा 3 अप्रैल को इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, कृषि विज्ञान के तत्व, ड्राइंग एंड पेंटिंग और आहार एवं पोषण विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

परीक्षा केंद्र पर सुबह 9 बजे पहुंचना अनिवार्य

मंडल ने परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा संचालन से जुड़े दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसके अनुसार सभी विद्यार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में अपना स्थान ग्रहण करना होगा। सुबह 9.05 बजे उत्तरपुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा, जबकि 9.10 बजे प्रश्नपत्र दिए जाएंगे।

परीक्षार्थियों को सुबह 9.15 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक उत्तर लिखने का समय मिलेगा। इस तरह विद्यार्थियों को परीक्षा पूरी करने के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

अवकाश के दिन भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी परीक्षा

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की तिथि और समय में बदलाव किया जा सकता है। वहीं, परीक्षा अवधि के दौरान शासन की ओर से सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने पर भी परीक्षाएं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आयोजित होंगी।

परीक्षार्थी और अभिभावक 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा की विस्तृत समय-सारणी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर देख सकते हैं।

Share this Article