छत्तीसगढ़ में वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी, 1.90 करोड़ मतदाता पंजीकृत; 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। ड्राफ्ट सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 94 लाख 84 हजार 635 पुरुष, 95 लाख 31 हजार 721 महिलाएं और 412 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जारी सूची सभी मतदान केंद्रों के अलावा वोटर हेल्पलाइन एप और आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध है। मतदाता बीएलओ या टोल फ्री नंबर 1950 के जरिए भी अपने नाम की जांच कर सकते हैं।

मतदान केंद्रों की संख्या घटकर 26,854 हुई

मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या 27,196 से घटकर 26,854 रह गई है। इनमें 5,876 शहरी और 20,978 ग्रामीण मतदान केंद्र शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदान केंद्रों की नई सूची भी जारी कर दी है।

11 दिसंबर तक कर सकते हैं दावा-आपत्ति

ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं होने, विवरण में गलती या किसी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल होने पर 11 दिसंबर 2026 तक दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

  • फॉर्म-6: नए मतदाता का नाम जोड़ने के लिए।
  • फॉर्म-7: मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए।
  • फॉर्म-8: नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन और स्थानांतरण के लिए।

एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के साथ एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को पात्र होने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।

4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम सूची

दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या संशोधन कराने में परेशानी होने पर नागरिक टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। वोटर हेल्पलाइन एप के जरिए भी बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है।

Share this Article