निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। वार्ड नंबर-1 के स्टेशन मोहल्ले में कबाड़ कारोबारी खालिद अहमद के मकान में गैस सिलिंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में एक ही परिवार के 12 लोग झुलस गए। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मकान में रखे सीएनजी सिलिंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। आशंका है कि गैस रिसाव के कारण पहले आग लगी और इसके बाद अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए सभी घायलों को मकान से बाहर निकाला। इसके बाद डायल 112 की मदद से उन्हें तत्काल यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है। तीन बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद स्टेशन मोहल्ले में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
