नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता झंडे और तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे। पदयात्रा के दौरान डीजे पर बज रहे ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ गीत ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
कार्यक्रम की शुरुआत साप्ताहिक बाजार स्थित डोम में सभा के साथ हुई। इसके बाद पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला भाजपा कार्यालय पहुंची। इसमें प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन और जिला अध्यक्ष संध्या पवार समेत कई नेता शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अबूझमाड़ और नारायणपुर की पहचान शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास से रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के विश्वास और उसकी सक्रिय भागीदारी में है। संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है।
कश्यप ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों की भूमिका तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठाए जा रहे विरोध पर भी अपनी बात रखी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों को लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
पार्टी नेताओं के मुताबिक, पदयात्रा का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जागरूकता का संदेश देना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
