धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा नहीं करने वाले राइस मिलर्स पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कुरुद स्थित शिवनाथ राइस इंडस्ट्रीज से खाद्य विभाग और मार्कफेड की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान 550 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग के बदले संबंधित राइस मिल को निर्धारित मात्रा में चावल जमा कराना था। लेकिन मिल द्वारा अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं किया गया। जांच में लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन ने धान जब्त करने की कार्रवाई की।
17 राइस मिलर्स को जारी किया गया नोटिस
खाद्य विभाग के अनुसार, कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश-2016 की कंडिका 3/7 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की गई है। जिले में निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं करने और प्रक्रिया का पालन नहीं करने वाले 17 राइस मिलर्स को नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संबंधित मिलर्स के जवाब और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
जिले में 5.96 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धमतरी जिले के 1,24,465 किसानों से कुल 5,96,522.16 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। इसके बदले किसानों को 1,41,432.62 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
