CM Helpline 1076: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। अब लोगों को छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। फोन, वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
2.10 लाख से अधिक शिकायतों का निराकरण
अक्टूबर 2026 के अंत तक सीएम हेल्पलाइन पर कुल 2,45,376 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 2,10,649 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। इस तरह शिकायत समाधान की दर 85.85 प्रतिशत रही, जबकि 34,727 मामले लंबित हैं।
49 विभागों के 8 हजार अधिकारी जुड़े
इस व्यवस्था से राज्य शासन के 49 विभागों के करीब 8 हजार अधिकारियों को जोड़ा गया है। शिकायतों के वर्गीकरण के लिए 1,195 श्रेणियां बनाई गई हैं और प्रत्येक के निराकरण की समय-सीमा निर्धारित की गई है। यह सेवा 9 जून 2026 से सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे उपलब्ध है।
पेंशन से लेकर पेयजल तक मिली राहत
हेल्पलाइन के जरिए सरगुजा के जितेंद्र दास की बंद पेंशन दोबारा शुरू हुई। रायपुर के माना बस्ती में आवारा मवेशियों को रेडियम बेल्ट पहनाए गए। राजनांदगांव के जोगीदल्ली में खराब सोलर पंप सुधारा गया। वहीं, मनेन्द्रगढ़ के दिव्यांग दीपक पाल को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई।
मुख्यमंत्री खुद कर रहे मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कॉल सेंटर का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों पर नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ होना चाहिए।
हेल्पलाइन नंबर: 1076
वेबसाइट: cmhelpline.cg.gov.in
