CM Vishnu Deo Sai Bhilai Visit: गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भिलाई पहुंचे। यहां सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारा श्री सिंगसभा में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल होकर उन्होंने पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सामने शीश नवाया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।
गुरु नानक देव जी के संदेशों को किया याद
मुख्यमंत्री साय ने सिख समाज के संतजनों, पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं को प्रकाश पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारे में एकत्रित होना और गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहे। उन्होंने प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
लंगर में ग्रहण किया प्रसाद
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रद्धाभाव से लंगर में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका और प्रसाद ग्रहण किया।
जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
