Bhilai Development News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई के विकास को लेकर बड़ी सौगात दी है। खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने शहर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की तैयारी करने की भी घोषणा की।
सड़कों के लिए 27 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने भिलाई में दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं के लिए 27 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया। कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती और सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं, कोसानाला से कुटेला मार्ग और कुटेलाभाठा सड़क के लिए 14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बीएसपी आवास के किराए में राहत
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बीएसपी टाउनशिप के रिटेंशन आवास में रहने वाले परिवारों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि किराए में प्रस्तावित 24 गुना वृद्धि के मामले में हस्तक्षेप के बाद मासिक किराए की बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपये किए जाने का निर्णय लिया गया।
निवेशकों को लौटाए 3.16 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3 हजार निवेशकों के खातों में 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को आवास प्रमाण पत्र, बैंक ऋण और आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में भिलाई नगर निगम को विकास कार्यों के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना और शहरी आवास योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी भी दी।
