Kedar Kashyap Bastar Development: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को 28 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें कोण्डागांव जिले के 10 करोड़ 31 लाख रुपये से अधिक के 10 कार्य और बस्तर जिले के 16 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक के दो विकास कार्य शामिल हैं।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव-गांव तक सड़क, पुल, शिक्षा, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव से लंबे समय तक प्रभावित रहे बस्तर के क्षेत्रों में अब विकास कार्यों को गति मिल रही है।
नारंगी नदी पर बनेगा 10.44 करोड़ का पुल
बस्तर जिले के छोटे आमाबाल में नारंगी नदी पर 10 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल बनाया जाएगा। वहीं, नवा रतेंगा परिपातपारा से बड़े बदरेंगा तक साढ़े पांच किलोमीटर सड़क का निर्माण पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत से होगा। इससे ग्रामीणों को आवागमन और बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
किसानों ने धान की बालियां भेंट कीं
ग्राम बड़े आमाबाल में किसानों ने धान की बालियां भेंटकर सरकार के किसान हितैषी फैसलों के प्रति आभार जताया। किसानों ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी और 13,879 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता राशि को आर्थिक मजबूती देने वाला निर्णय बताया।
युवाओं ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता
कोण्डागांव के ग्राम हड़ेली में बड़ी संख्या में युवाओं ने मंत्री केदार कश्यप के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री ने उनका स्वागत करते हुए संगठन और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
