छत्तीसगढ़-UP बॉर्डर पर धान तस्करी का खुलासा : 120 क्विंटल धान से भरा मेटाडोर जब्त, 24 चेकपोस्ट पर निगरानी तेज

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध धान परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश सीमा पर स्थित धनवार जांच नाके में प्रशासन की टीम ने 120 क्विंटल धान से भरा मेटाडोर वाहन जब्त किया है। वाहन में लोड धान से संबंधित वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, जिले में दूसरे राज्यों से अवैध धान लाकर खपाने और बिचौलियों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। इसके तहत जिलेभर में 24 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। यहां से गुजरने वाले धान से लदे वाहनों और संदिग्ध परिवहन पर नजर रखी जा रही है।

धनवार जांच नाके पर जांच के दौरान टीम को मेटाडोर में बड़ी मात्रा में धान लोड मिला। संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने पर अतिरिक्त तहसीलदार की टीम ने धान सहित वाहन को जब्त कर लिया।

प्रशासन के अनुसार, जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए कुल 54 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों से शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जा रहा है।

खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और दूसरे राज्यों से अवैध धान की आवक रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इससे पहले भी जिले में अवैध धान परिवहन के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this Article