धान खरीदी में किसानों को बड़ी राहत: बारिश से टोकन निरस्त हुआ तो मिलेगा दोबारा मौका, जानें नियम

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश के कारण धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को राहत दी गई है। जिन किसानों का धान बारिश के चलते निर्धारित तारीख पर उपार्जन केंद्र तक नहीं पहुंच पाया और खरीदी नहीं हो सकी, उन्हें दोबारा टोकन जारी करने का अवसर मिलेगा।

तुहर टोकन ऐप से भी कर सकेंगे आवेदन

मार्कफेड के एमडी जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि तय तारीख पर धान नहीं ला पाने वाले किसानों को दोबारा टोकन दिया जाएगा। टोकन निरस्त होने, फसल कटाई में देरी या तकनीकी समस्या आने पर किसान संबंधित धान उपार्जन केंद्र, सहकारी समिति अथवा जिला खाद्य कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा किसान ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप या सहकारी समिति के माध्यम से भी दोबारा टोकन प्राप्त कर सकते हैं।

दूसरी बार टोकन निरस्त होने पर घटेगा मौका

किसानों को टोकन निरस्तीकरण के नियमों का विशेष ध्यान रखना होगा। पहली बार टोकन निरस्त होने पर दोबारा टोकन लेकर धान बेचने का अवसर मिलेगा। लेकिन दूसरी बार टोकन निरस्त होने पर निर्धारित अधिकतम टोकन सीमा में से एक मौका कम कर दिया जाएगा।

नियमों के मुताबिक, लघु एवं सीमांत किसानों के लिए अधिकतम दो और बड़े किसानों के लिए तीन टोकन की सीमा तय है। ऐसे में दूसरी बार टोकन निरस्त होने पर किसानों के पास धान बेचने के अवसर कम हो जाएंगे।

तय तारीख पर उपार्जन केंद्र पहुंचना जरूरी

किसानों को टोकन में दर्ज तारीख पर ही धान लेकर केंद्र पहुंचना होगा। निर्धारित समय पर धान नहीं लाने या टोकन में दर्ज मात्रा से कम धान लाने पर शेष धान की खरीदी और नए टोकन के लिए संबंधित नियम लागू होंगे।

Share this Article