जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर के पनारा पारा इलाके में आपसी विवाद के दौरान एक नाबालिग ने पड़ोस में रहने वाले 45 वर्षीय मन्नू कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि विवाद मृतक की बेटी के प्रति नाबालिग के कथित एकतरफा प्रेम को लेकर था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुराने विवाद के बाद फिर हुआ झगड़ा
जानकारी के मुताबिक, मन्नू कश्यप और पड़ोस में रहने वाले नाबालिग के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि नाबालिग मृतक की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी तनाव की स्थिति बनी थी। शनिवार देर रात एक बार फिर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।
सिर और पेट पर किए चाकू से वार
आरोप है कि विवाद के दौरान नाबालिग ने मन्नू कश्यप पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और पेट पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल मन्नू कश्यप की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
मोहल्ले में आक्रोश, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी की तलाश जारी है। वहीं, हत्या की घटना से नाराज मोहल्लेवासियों ने पुलिस के सामने आक्रोश जताते हुए क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
