ऐसे कैसे बनेंगे वैज्ञानिक? छत्तीसगढ़ में प्रयोगशाला सहायकों के 14 हजार पद खाली, सरकारी स्कूलों की लैब बनी कबाड़घर

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

बिलासपुर। सरकारी स्कूलों में विज्ञान की पढ़ाई और विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बोर्ड परीक्षाओं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं नजदीक हैं, लेकिन कई स्कूलों में विज्ञान प्रयोगशालाओं की हालत बदतर है। कहीं जरूरी उपकरण नहीं हैं तो कहीं प्रयोगशाला सहायक और विज्ञान शिक्षकों की कमी के कारण प्रैक्टिकल नहीं हो पा रहे हैं। प्रदेश में प्रयोगशाला सहायकों के 14 हजार से अधिक पद खाली बताए जा रहे हैं। वर्ष 2019 के बाद से भर्ती नहीं हुई है।

60 प्रतिशत स्कूलों में लैब की व्यवस्था बदहाल

बिलासपुर जिले के करीब 60 प्रतिशत सरकारी स्कूलों में विज्ञान प्रयोगशालाओं की समुचित व्यवस्था नहीं है। कई स्कूलों में महीनों तक लैब के ताले नहीं खुलते। रखरखाव के लिए भी बजट उपलब्ध नहीं है। एक प्रयोगशाला पर प्रतिमाह करीब पांच हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है।

कई स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव

कुदुदंड स्कूल की प्रयोगशाला में कचरा भरा हुआ है। वहीं सिरगिट्टी, बैमा नगोई, देवरीखुर्द, मोपका, लगरा और अन्य स्कूलों में भी लैब की समस्याएं हैं। बहतराई स्कूल में 500 से अधिक विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल सामग्री की कमी का सामना करना पड़ रहा है। खमतराई स्कूल में लैब के लिए अलग कमरा तक नहीं बनाया गया है।

विभाग ने व्यवस्था सुधारने का दिया भरोसा

शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक अश्वनी भारद्वाज ने बताया कि स्कूलों को अपनी उपलब्ध व्यवस्था के अनुसार विद्यार्थियों को बुलाकर प्रैक्टिकल कराने के निर्देश दिए गए हैं। सुविधाओं की कमी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share this Article