19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी ट्रेंक्यूलाइज, रेडियो कॉलर लगाया : रामगढ़ की 670 मीटर ऊंची पहाड़ी पर 6 दिन चला ऑपरेशन

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 ग्रामीणों की जान लेने वाले कुख्यात कबरा हाथी को आखिरकार वन विभाग की टीम ने ट्रेंक्यूलाइज कर रेडियो कॉलर लगा दिया है। छह दिनों की मशक्कत के बाद 18 नवंबर को रामगढ़ की 670 मीटर ऊंची पहाड़ी पर यह ऑपरेशन सफल हुआ।

दुर्गम जंगल और खड़ी चढ़ाई के बीच करीब चार घंटे तक अभियान चला। वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. जयकिशोर जड़िया और डॉ. पीके चंदन की टीम ने हाथी को डार्ट गन से बेहोश किया। इसके बाद उसके गले में रेडियो कॉलर आईडी पहनाई गई। हाथी को होश में लाने के बाद उसी स्थान पर छोड़ दिया गया।

कबरा हाथी फिलहाल 17 हाथियों के झुंड के साथ विचरण कर रहा है। वन विभाग अगले तीन दिनों तक उसकी गतिविधियों और व्यवहार पर नजर रखेगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि वह झुंड के साथ सामान्य व्यवहार करेगा। यदि उसका आक्रामक और हिंसक व्यवहार जारी रहा तो उसे पकड़कर रेस्क्यू सेंटर में शिफ्ट किया जाएगा।

रेडियो कॉलर की मदद से अब हाथी की लोकेशन, दिशा और गतिविधियों की जानकारी मिल सकेगी। इससे उसके गांवों की ओर बढ़ने पर पहले ही अलर्ट जारी किया जा सकेगा और ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा में मदद मिलेगी। इस सफल अभियान से वन विभाग ने बड़ी राहत की सांस ली है।

Share this Article