गैंगरेप और लूट की वारदात के बाद जागा प्रशासन : रॉक गार्डन बोतल्दा में बिना एंट्री नहीं मिलेगा प्रवेश, बढ़ेगी पुलिस पेट्रोलिंग

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायगढ़। खरसिया के रॉक गार्डन बोतल्दा में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूट की वारदात के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एसडीओपी खरसिया सतीश कुमार भार्गव ने पुलिस बल के साथ गार्डन का औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने गार्डन में तैनात वनकर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आगंतुक का नाम और पूरा विवरण प्रवेश रजिस्टर में दर्ज किया जाए। बिना एंट्री किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाए। इसके अलावा शराब और अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर आने वालों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

गार्डन में होगी नियमित पेट्रोलिंग

एसडीओपी ने गार्डन परिसर में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग करने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने को कहा। उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

गार्डन के प्रवेश द्वार के बाहर संचालित दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। दुकानदारों को शराब और नशीली सामग्री की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी गई। उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

गौरतलब है कि बीते दिनों अपने मित्र के साथ रॉक गार्डन घूमने पहुंची युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूट की वारदात हुई थी। घटना के बाद पर्यटन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे। अब पुलिस ने पर्यटकों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया है।

Share this Article