दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से इंदौर में भीषण जाम, दोपहर 3 बजे से रात तक परेशान रहे शहरवासी

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

इंदौर। पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट का आनंद हजारों प्रशंसकों ने उठाया, लेकिन आयोजन के चलते शहरवासियों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। रविवार को बायपास स्थित सी-21 एस्टेट ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के कारण दोपहर 3 बजे से ही कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्टार चौराहे से खजराना तक लगा जाम

दर्शकों के वाहन आयोजन स्थल की ओर पहुंचने लगे तो स्टार चौराहे से बैंक ऑफ इंडिया चौराहे तक यातायात प्रभावित हो गया। शाम होते-होते बैंक ऑफ इंडिया चौराहे से खजराना मार्ग पर भी वाहनों की कतारें लग गईं। बैरिकेडिंग और बदले हुए ट्रैफिक रूट का असर आसपास की कॉलोनियों पर भी पड़ा।

खजराना निवासी अरशद बैग और वाहन चालक विजय मेहता ने बताया कि आम लोगों को भी जाम में फंसकर परेशानी उठानी पड़ी। रहवासियों ने बड़े आयोजनों के लिए शहर से बाहर उचित व्यवस्था करने की मांग उठाई।

सुरक्षा में तैनात रहे 300 पुलिसकर्मी

कॉन्सर्ट की सुरक्षा के लिए 300 पुलिसकर्मी, 100 ट्रैफिक अधिकारी-जवान और करीब 1,000 निजी वालंटियर्स तैनात किए गए थे। निगरानी के लिए ड्रोन, सीसीटीवी और एआई कैमरों का इस्तेमाल किया गया। आयोजन स्थल पर 12 वाच टावर और बम निरोधक दस्ते की भी व्यवस्था रही।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि निजी आयोजनों के लिए पुलिस सुरक्षा निशुल्क नहीं होती। आयोजकों से निर्धारित शुल्क लेकर राशि पुलिस वेलफेयर में जमा की जाती है।

Share this Article