इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित खजराना की कृष्णबाग कॉलोनी सेक्टर-सी में 70 से अधिक मकानों पर बेदखली की कार्रवाई की तैयारी है। प्रशासन की इस कार्रवाई के विरोध में रहवासी शुक्रवार से रीगल तिराहा पर धरने पर बैठे हैं। तीन दिनों से दिन-रात जारी प्रदर्शन में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हो रहे हैं।
26 नवंबर से पहले हटाने हैं अतिक्रमण
प्रशासन को उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार 30 दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने हैं। इसके लिए 26 नवंबर से पहले कार्रवाई की तैयारी की गई है। प्रभावित रहवासियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। एसडीएम और अन्य अधिकारी भी उन्हें समझाइश दे चुके हैं।
जीवनभर की कमाई से खरीदे मकानों पर संकट
रहवासियों नारायण यादव और गोरी सिंह का आरोप है कि श्रीराम बिल्डर्स के नाम से शशिभूषण खंडेलवाल द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर सीमांकन और बेदखली की कार्रवाई की जा रही है। उनका कहना है कि उन्होंने जीवनभर की कमाई लगाकर प्लॉट खरीदे और उनकी रजिस्ट्री भी कराई है।
रहवासियों का आरोप है कि उन्हें अपना पक्ष रखने और दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला। उनका यह भी कहना है कि प्लॉट बेचने वालों पर कार्रवाई करने के बजाय खरीदारों को परेशान किया जा रहा है।
रहवासी मामले को लेकर हाईकोर्ट की डबल बेंच में भी पहुंचे हैं। वहां फैसला आना बाकी है। फिलहाल वे प्रस्तावित कार्रवाई रोकने की मांग कर रहे हैं।
