धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के बाग क्षेत्र में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस थाने के सामने स्थित एक फल दुकान में करीब 12 फीट लंबा अजगर घुस गया। दुकान के बाहर अजगर को देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर सरपंच धर्मेंद्र बामनिया भोजन छोड़कर मौके पर पहुंचे।
हालांकि, उनके पहुंचने तक अजगर दुकान के शटर के अंदर प्रवेश कर चुका था। सरपंच ने सावधानीपूर्वक अजगर को अपने नियंत्रण में लिया और दुकान से बाहर निकाला। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर उनके बताए स्थान पर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
एक साल में 20 से 25 अजगर निकलने का अनुमान
सरपंच धर्मेंद्र बामनिया के अनुसार क्षेत्र में पिछले एक-दो वर्षों से अजगर निकलने की घटनाएं बढ़ी हैं। पहले सालभर में एक-दो अजगर दिखाई देते थे, लेकिन अब एक वर्ष में करीब 20 से 25 अजगर मिलने का अनुमान है। कुछ दिन पहले स्कूल के पास भी एक अजगर पकड़ा गया था।
खेतों की सफाई के कारण आबादी की ओर आ रहे अजगर
बामनिया ने बताया कि इन दिनों खेतों में गेहूं की बोवनी के लिए सफाई और अन्य कृषि गतिविधियां चल रही हैं। इससे खेतों और झाड़ियों में अजगरों के छिपने की जगह कम हो रही है। ऐसे में वे आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंच रहे हैं।
क्षेत्र के तीखी बयड़ी सहित अन्य स्थानों पर भी अजगर निकलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है।
