धार: जिला अस्पताल के बर्थ वेटिंग रूम में शनिवार सुबह उस समय हंगामा हो गया, जब ड्यूटी पर पहुंची महिला सफाईकर्मी ने प्रतिबंधित वार्ड में मौजूद पुरुषों को बाहर जाने के लिए कहा। इस बात से नाराज होकर वहां मौजूद लोगों ने महिला कर्मचारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट कर दी।
करीब आधे घंटे तक चले विवाद के दौरान महिला कर्मचारी के बाल खींचे गए और गला पकड़कर थप्पड़ मारने का भी आरोप है। नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर महिला कर्मचारी को छुड़ाया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मारोल निवासी गायत्री पति रोशन को तीन माह की गर्भावस्था के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव की समस्या हुई थी। डॉक्टरों ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी को देखते हुए उन्हें बर्थ वेटिंग रूम में भर्ती किया था। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे महिला सफाईकर्मी कविता मुनिया सफाई के लिए पहुंचीं। इस वार्ड में पुरुषों का प्रवेश प्रतिबंधित है, लेकिन भर्ती गायत्री के बेड पर उसके भाई गोकुल व स्वजन बैठे हुए थे।
कर्मचारी कविता ने गोकुल को वार्ड के नियम बताते हुए बाहर जाने और बेड से उठने के लिए कहा। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। महिला के विरोध करने पर उसके अन्य स्वजन भी विवाद में शामिल हो गए।
सिविल सर्जन डॉ. मुकुंद बर्मन ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वार्ड में पुरुष गार्ड की तैनाती की जाएगी। साथ ही पास व्यवस्था लागू होगी, ताकि अधिकृत महिला स्वजन को ही प्रवेश मिल सके। अस्पताल प्रबंधन एसपी से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने की मांग भी करेगा।
