रायपुर में रिटायर्ड रेलकर्मी से 7.49 लाख की साइबर ठगी, PPO अपडेट के नाम पर 18 दिन तक खाली होता रहा बैंक खाता

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी को पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) नंबर अपडेट कराने का झांसा देकर 7 लाख 49 हजार 784 रुपये ठग लिए। आरोपित ने खुद को रेलवे के DRM कार्यालय का कर्मचारी बताया और मोबाइल में HRMS तथा बैंक ऑफ बड़ौदा का BOB World ऐप डाउनलोड करवाया। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए मोबाइल की गतिविधियों पर नजर रखकर बैंक खाते से रकम निकाल ली।

बेटी ने उठाया था ठग का फोन

पुलिस के मुताबिक, रायपुरा के विकास विहार निवासी श्रद्धा राजू जोल्दे के पति राजू दामोदर जोल्दे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के IOW सेक्शन में सीनियर टेक्नीशियन थे। वे 30 जून 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। बीमारी के कारण उनकी तबीयत खराब रहती है।

22 सितंबर 2026 को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप नंबर से फोन आया। कॉल उनकी बेटी साक्षी ने उठाया। फोन करने वाले ने कहा कि रिटायरमेंट के एक साल बाद PPO नंबर संशोधित कराना अनिवार्य है। इसके लिए कुछ ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

18 दिनों में खाते से निकाले 7.49 लाख रुपये

ठग के कहने पर मोबाइल में ऐप डाउनलोड किए गए। इसके बाद 11 से 29 अक्टूबर के बीच संयुक्त बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 7,49,784 रुपये निकाल लिए गए। पति की खराब तबीयत के चलते परिवार बैंक ट्रांजेक्शन के मैसेज पर ध्यान नहीं दे पाया।

बैंक पहुंचने पर हुआ ठगी का खुलासा

5 नवंबर को श्रद्धा बैंक ऑफ बड़ौदा की अश्वनी नगर शाखा पहुंचीं, तब खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने की जानकारी मिली। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर ठगी का खुलासा हुआ। इसके बाद उन्होंने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने 14 नवंबर को अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share this Article