रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से 61 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त किए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने इस कार्रवाई को राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान उन्हें खुश करने के लिए ईडी ने अचानक यह कार्रवाई की है।
बघेल ने कार्रवाई के समय और मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि संबंधित संपत्ति लंबे समय से जब्त थी, तो अब अचानक यह कदम उठाने की जरूरत क्यों पड़ी? उन्होंने दावा किया कि मामले में ट्रिब्यूनल में पेशी होनी है और ईडी के वकील वहां उपस्थित नहीं हो रहे हैं। उनके मुताबिक, कार्रवाई के जरिए असहज सवालों से बचने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा ने दी जांच में सहयोग करने की नसीहत
बघेल के आरोपों पर भाजपा सांसद एवं मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस को जांच में सहयोग करना चाहिए। पांडेय ने दावा किया कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों ने कई मामलों में सफलता हासिल की है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी ने भी जांच एजेंसियों को सहयोग दिया था। केवल राजनीतिक षड्यंत्र का आरोप लगाकर जांच से बचना उचित नहीं है।
ईडी की कार्रवाई के बाद अब कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
