महासमुंद जेल में बड़ी सेंधमारी: करंट काटकर कंबल के सहारे फरार हुए 4 कैदी, भागते समय पांचवां नीचे गिरा

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल में सोमवार तड़के सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चार विचाराधीन बंदी फरार हो गए। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। बंदियों ने पहले जेल की दीवार में प्रवाहित बिजली का करंट काटा, फिर कंबलों को आपस में बांधकर रस्सी बनाई और दीवार फांदकर फरार हो गए। इस दौरान भागने की कोशिश कर रहा पांचवां बंदी नीचे गिर गया।

जानकारी के मुताबिक, फरार हुए चार बंदियों में दो मध्यप्रदेश के जबलपुर, एक राजस्थान और एक महासमुंद जिले का निवासी है। इनमें तीन गांजा तस्करी और एक चोरी के मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में बंद था।

कंबल की रस्सी बनाकर दिया वारदात को अंजाम

बताया जा रहा है कि बंदियों ने पहले जेल की दीवार पर लगे विद्युत कनेक्शन को काटा। इसके बाद कंबलों को आपस में बांधकर फंदा बनाया और उसके सहारे दीवार पर चढ़कर दूसरी तरफ उतर गए। पांचवें बंदी ने भी भागने की कोशिश की, लेकिन वह दीवार से नीचे गिर गया और फरार नहीं हो सका।

जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। चार बंदियों के फरार होने से जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और जेल प्रशासन ने फरार बंदियों की तलाश शुरू कर दी है।

महासमुंद एएसपी सुशील नायक ने बताया कि घटना सुबह करीब 4 बजे हुई। बंदियों ने दीवार में प्रवाहित विद्युत कनेक्शन काटकर कंबल के सहारे भागने की योजना बनाई थी। फिलहाल फरार आरोपियों की खोजबीन की जा रही है।

Share this Article