सूरजपुर: बच्ची के गले पर चाकू रख डेढ़ लाख लूट, 6 गिरफ्तार

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

सूरजपुर के भटगांव थाना क्षेत्र में शासकीय शिक्षक के घर घुसकर ढाई साल की बच्ची के गले पर चाकू रखकर डेढ़ लाख रुपये की डकैती करने वाले गिरोह का पुलिस ने 11 दिन बाद पर्दाफाश कर दिया है। दो महिलाओं समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

चौंकाने वाली बात यह है कि डकैती की मास्टरमाइंड पीड़ित शिक्षक के दोस्त की बहन शारदा चौहान निकली। शिक्षक के घर आने-जाने के कारण उसे परिवार की दिनचर्या और नकदी रखे होने की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने परिचितों के साथ साजिश रची।

घटना 26 अक्टूबर की देर रात की है। ग्राम अघिना सलका निवासी शिक्षक राधेश्याम सिंह और उनकी पत्नी वनरक्षक बलिता मिंज के घर रात करीब एक बजे चार नकाबपोश घुसे। उन्होंने बच्ची के गले पर चाकू रख जान से मारने की धमकी देकर आलमारी से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए और दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गए।

एसपी योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में पुलिस ने दो सौ से अधिक सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले। काले रंग की कार संदिग्ध नजर आई, जिसकी तकनीकी साक्ष्यों के साथ जांच से पुलिस गिरोह तक पहुंची।

गिरफ्तार आरोपितों में शारदा चौहान, हुलेश्वर दास, देवकरण दास उर्फ विजय दास, विकास दास, सांतु दास और सोनू कुमारी शामिल हैं। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, छह मोबाइल, एक स्विफ्ट डिजायर कार, चाकू, चार स्टाल और 1.40 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपितों को बीएनएस की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय सूरजपुर में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

Share this Article