बिलासपुर। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बिलासपुर जिले में जुआरियों की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। शहर से लगे कोनी थाना क्षेत्र के लच्छनपुर जंगल में मोमबत्ती की रोशनी में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने देर रात छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 13,900 रुपये नकद और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, कोनी पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर निकली थी। पुलिस सेंदरी, गतौरी, लोफंदी, अमतरा और लच्छनपुर क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लच्छनपुर के घने जंगल में कुछ लोग प्लास्टिक की पन्नी बिछाकर मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे हैं।
पुलिस की घेराबंदी से मची भगदड़
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जंगल में दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर 9 लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार जुआरियों के नाम
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम केवंट (29), दीपक शिकारी (22), जगन्नाथ साहू (24), परमेश्वर ध्रुव (30), गणेश दास मानिकपुरी (40), अमित कुमार साहू (26), चंद्रप्रकाश पाटले (30), अनिल कुमार बंजारे (38) और कृष्ण कुमार सारथी (32) के रूप में की है।
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2026 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
SSP के निर्देश पर जुआरियों के खिलाफ अभियान
दीपावली के मद्देनजर शहर के होटलों, कॉलोनियों और ग्रामीण इलाकों में जुआ गतिविधियों पर पुलिस निगरानी बढ़ा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस बल को लगातार पेट्रोलिंग करने तथा जुआरियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
