जशपुर पुलिस के ‘ऑपरेशन शंखनाद’ में बड़ी कार्रवाई हुई है। ऊपर कछार क्षेत्र में जंगल के रास्ते ओडिशा की ओर ले जाए जा रहे 13 गोवंशों को मुक्त कराया गया है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है, जबकि एक फरार है।
पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धवई टोली, सिंगीबहार के तीन लोग गोवंशों को पैदल हांककर ओडिशा ले जा रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर ऊपर कछार चौक के पास घेराबंदी की गई।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पीछा कर दो को हिरासत में लिया गया, जबकि तीसरा जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए लोगों की पहचान धनेश्वर यादव (40) और रविन्द्र राम (38) के रूप में हुई। दोनों ग्राम धवई टोली, सिंगीबहार, थाना तपकरा के निवासी हैं।
पुलिस ने गोवंशों के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। सभी 13 गोवंश बरामद कर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण के बाद गौशाला भेज दिए गए।
मामला छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत दर्ज किया गया है। पकड़े गए तस्करों ने अपराध स्वीकार किया और पर्याप्त सबूत मिलने पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। फरार तस्कर की पहचान कर तलाश जारी है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गोवंश तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऑपरेशन शंखनाद जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
