इंदौर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, तीसरे दिन भी जारी रहा युवाओं का प्रदर्शन

admin  - News & Entertainment
3 Min Read

Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर युवाओं का प्रदर्शन जारी है। भंवरकुआं चौराहे पर टंट्या भील की प्रतिमा के नीचे और भोलाराम गेट के पास प्रदर्शनकारी धरने पर बैठे हैं। आंदोलन में कॉलेज के छात्र, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

‘भंवरकुआं इंदौर 2.0’ के नाम से शुरू हुआ आंदोलन

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, ‘भंवरकुआं इंदौर 2.0’ आंदोलन 10 अक्टूबर को भोलाराम गेट के सामने डीडी गार्डन के पास शुरू हुआ। आंदोलनकारी रातभर धरने पर बैठे रहे। शनिवार को भी शहर के अलग-अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया गया और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बदलाव जरूरी हैं। दो दिन पहले पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया था, लेकिन इसके बाद युवा दोबारा धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शनकारियों की पांच प्रमुख मांगें

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पवन अहिरवार के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, केंद्रीय निर्वाचन आयुक्तों की चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और चयन प्रक्रिया में विपक्ष की प्रभावी भागीदारी शामिल है।

इसके अलावा मध्य प्रदेश के राज्य निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता, फर्जी और डुप्लीकेट मतदाता प्रविष्टियों को रोकने के लिए सुरक्षित डिजिटल मतदाता पहचान व्यवस्था तथा बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी उठाई गई है।

चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग

पवन अहिरवार ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों को उठाना है। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, वे अपनी मांगें शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से संबंधित संस्थाओं तक पहुंचाना चाहते हैं।

इंदौर में चुनाव सुधारों को लेकर पहले से ही टंट्या भील चौराहे पर एक प्रदर्शन जारी है। ऐसे में ‘भंवरकुआं इंदौर 2.0’ आंदोलन शुरू होने से शहर में चुनाव प्रक्रिया को लेकर विरोध का एक और केंद्र सामने आया है।

Share this Article