Weather Today: मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, 37 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, जल्द देगा मानसून दस्तक

2 Min Read

भोपाल। मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल चुका है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार सामान्य से कुछ देर से प्रदेश में प्रवेश करेगा और 23 से 24 जून के बीच इसकी दस्तक होने की संभावना है।

37 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 19 जून को प्रदेश के 37 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार मालवा-निमाड़ और प्रदेश के कुछ पूर्वी क्षेत्रों में मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहेगा। इन इलाकों में तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका है।

जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, इंदौर, गुना, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, रतलाम, देवास, छिंदवाड़ा, बालाघाट, शाजापुर, आगर मालवा, सीहोर, राजगढ़, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर, डिंडौरी, शिवपुरी, दतिया, भिंड, सिवनी, मंडला, मुरैना, श्योपुर, अनूपपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और पांढुर्णा शामिल हैं।

इन जिलों में मौसम रहेगा सामान्य

मौसम विभाग ने कुछ जिलों को ग्रीन जोन में रखा है, जहां फिलहाल किसी प्रकार की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। इनमें खरगोन, बुरहानपुर, धार, बड़वानी, अलीराजपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल और झाबुआ शामिल हैं। इसके अलावा विंध्य और महाकौशल क्षेत्र के रीवा, मैहर, सीधी, सतना, सिंगरौली, कटनी, शहडोल और उमरिया जिलों में भी मौसम सामान्य बने रहने का अनुमान है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने जिन जिलों में अलर्ट जारी किया है, वहां के लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में मानसून के और सक्रिय होने के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

Share this Article