भोपाल। मध्य प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर है। राज्य के निजी शक्कर कारखानों ने पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ने की खरीदी दर 440 से 455 रुपए प्रति क्विंटल तक घोषित की है। यह कीमत उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और कई अन्य राज्यों के मुकाबले अधिक है।
राज्य सरकार से मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा गन्ना उत्पादन करने वाले नरसिंहपुर जिले में किसानों को 450 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है। वहीं बैतूल में गन्ने की खरीदी 440 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
दूसरे राज्यों से ज्यादा मिल रहा भाव
गन्ने की कीमतों के मामले में मध्य प्रदेश कई राज्यों से आगे है। उत्तर प्रदेश में 400 रुपए, हरियाणा में 430 रुपए और छत्तीसगढ़ में 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर घोषित है। वहीं महाराष्ट्र में 320 रुपए और कर्नाटक में 360 रुपए प्रति क्विंटल भाव बताया गया है।
नरसिंहपुर में सबसे ज्यादा गन्ना उत्पादन
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में कुल 6.35 लाख मीट्रिक टन गन्ने का उत्पादन होता है। इसमें अकेले नरसिंहपुर की हिस्सेदारी 3.70 लाख मीट्रिक टन है। बैतूल 1.38 लाख मीट्रिक टन उत्पादन के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा छिंदवाड़ा, दतिया और बुरहानपुर में भी गन्ने की खेती होती है।
केंद्र की कीमत से 90 रुपए तक ज्यादा
केंद्र सरकार ने 2026-27 पेराई सत्र के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 365 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इसके मुकाबले मध्य प्रदेश के निजी कारखाने 75 से 90 रुपए तक अधिक कीमत दे रहे हैं।
