मौसम पलटा खेल : गर्मी के बीच आंधी और बारिश ने दी राहत, अगले 4 दिन रहेंगे अहम

3 Min Read

मध्य प्रदेश : तेज गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। शुक्रवार को कई जिलों में आंधी और बारिश ने दस्तक दी, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन मौसम का यह बदला मिजाज अभी थमने वाला नहीं है।

IMD का अलर्ट: 20 से ज्यादा जिलों में आज फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। यानी बाहर निकलने से पहले सतर्क रहना जरूरी है। अगले चार दिनों तक ऐसा ही मिला-जुला मौसम बना रह सकता है।

क्यों बदला मौसम: जानिए पीछे की बड़ी वजह

विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम अस्थिर हुआ है। इसके साथ ही हिमालयी क्षेत्र में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इन दोनों सिस्टम के असर से मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर जारी रहने के संकेत हैं।

इन जिलों में आज बारिश और आंधी का खतरा

ग्वालियर, जबलपुर, छतरपुर, अशोक नगर, अनूपपुर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिवनी, सतना, नीमच, निवाड़ी, मंडला, मंदसौर, दतिया, टीकमगढ़, बालाघाट, मैहर, पन्ना, गुना और डिंडोरी जैसे जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।

इन शहरों में गर्मी का असर रहेगा बरकरार

वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, विदिशा, राजगढ़, सीहोर, रायसेन, धार, आगर मालवा, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, बैतूल, खरगोन, खंडवा, शहडोल, शाजापुर, सागर, सीधी, सिंगरौली, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, मऊगंज, रतलाम, रीवा, हरदा, झाबुआ, कटनी, पांढुर्णा, देवास और उमरिया में फिलहाल गर्मी का असर बना रहेगा।

सबसे गर्म शहर बना खंडवा, कई जिलों में 40 पार पारा

शुक्रवार को खंडवा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नरसिंहपुर में 42.2 डिग्री, रतलाम में 41.2 डिग्री, टीकमगढ़ में 41 डिग्री, बैतूल में 40.8 डिग्री और उज्जैन में 40.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

गुना में 40.4 डिग्री, शाजापुर, सागर और दमोह में 40.2 डिग्री, श्योपुर में 40 डिग्री, भोपाल में 39.8 डिग्री, इंदौर में 39.4 डिग्री, जबलपुर में 38 डिग्री और ग्वालियर में 37.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

क्या करें और क्या न करें: मौसम को देखते हुए अपनाएं ये सावधानियां

तेज आंधी और बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें। पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के पास खड़े न रहें। गर्मी और उमस के बीच शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है। मौसम के इस बदलते दौर में थोड़ी सावधानी ही आपको सुरक्षित रख सकती है।

Share this Article