नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ बनाने की पहल, अमित शाह ने 16 एकड़ में बने विकसित भारत संकल्प पार्क का किया लोकार्पण

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने की दिशा में एक नई पहल की गई है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

लोकार्पण के बाद अमित शाह ने पार्क में पीपल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। करीब 16 एकड़ में विकसित इस पार्क में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए हैं। इसके अलावा स्थानीय प्रजातियों के 500 से ज्यादा पौधे भी लगाए गए हैं।

नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ बनाने की योजना

नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की योजना के तहत इस पार्क को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसका उद्देश्य शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय पर्यावरण और जैव विविधता को प्रोत्साहित करना है। पार्क में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है।

‘पीपल फॉर पीपल’ अभियान से जुड़ेंगे नागरिक

नवा रायपुर में ‘पीपल फॉर पीपल’ अभियान के माध्यम से नागरिकों को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के लिए लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

विकसित भारत संकल्प पार्क को इसी सोच के साथ तैयार किया गया है, ताकि नवा रायपुर में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ा जा सके।

Share this Article