रायपुर में 300 बेड का आर्टेमिस शांति अस्पताल शुरू, अमित शाह करेंगे उद्घाटन; 67.40 लाख महिलाओं को मिलेगी महतारी वंदन की किस्त

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत पंडरी रोड पर 300 बिस्तरों वाला आर्टेमिस शांति अस्पताल शुरू होने जा रहा है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों और शहर के गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

अस्पताल में हृदय रोग, न्यूरोसाइंस, कैंसर, हड्डी रोग और क्रिटिकल केयर सहित कई सुपर स्पेशियलिटी विभाग शुरू किए जाएंगे। यहां आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, जांच की सुविधाएं और 24 घंटे इमरजेंसी सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, अनुभवी डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की तैनाती की गई है।

गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स समूह की यह छत्तीसगढ़ में नई इकाई है। अस्पताल शुरू होने से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख करने वाले मरीजों को रायपुर में ही उपचार का विकल्प मिल सकेगा।

राज्योत्सव में महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी करेंगे शाह

अस्पताल उद्घाटन के साथ ही अमित शाह राज्योत्सव समारोह के दौरान महतारी वंदन योजना की नवंबर महीने की 33वीं किस्त भी जारी करेंगे। इसके तहत प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये अंतरित किए जाएंगे।

ई-केवाईसी पूरी करा चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों को योजना की नियमित किस्त मिलेगी। वहीं, नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को उनकी 13वीं किस्त की राशि प्रदान की जाएगी।

दीपावली से पहले जारी होने वाली इस राशि से लाभार्थी महिलाओं के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचेगी।

Share this Article