रायपुर में सूने मकान से 7.50 लाख की चोरी, बेटे की मौत के बाद मिले 4 लाख मुआवजे पर भी चोरों ने किया हाथ साफ

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। राजधानी रायपुर के रावांभाठा स्थित बंजारी नगर के शुक्रवारी बाजार में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 7.50 लाख रुपये का माल पार कर दिया। चोरी गए सामान में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी के साथ उस चार लाख रुपये की सहायता राशि भी शामिल है, जो परिवार को बेटे की डैम में डूबने से हुई मौत के बाद शासन की ओर से मिली थी।

जानकारी के मुताबिक, खमतराई थाना क्षेत्र के शुक्रवारी बाजार बंजारी नगर निवासी हुब्ब लाल गुप्ता की मकान के नीचे ही केशरवानी इलेक्ट्रॉनिक नाम से दुकान है। वे आलमारी, कूलर सहित इलेक्ट्रॉनिक सामान का कारोबार करते हैं। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे वे परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर अपने गांव खटखरी, जिला मऊगंज (मध्य प्रदेश) गए थे।

2 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे परिवार वापस लौटा तो मकान का सामने वाला गेट खुला मिला और ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का लॉक भी टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले।

पीड़ित के मुताबिक, करीब तीन साल पहले उनके बेटे की कारा डैम में डूबने से मौत हो गई थी। इसके बाद शासन से मिले चार लाख रुपये उन्होंने घर में सुरक्षित रखे थे। इसके अलावा दुकान के कारोबार की करीब एक लाख रुपये की नकदी भी आलमारी में रखी थी।

चोर करीब सात से आठ तोला सोना और लगभग दो किलो चांदी के जेवरात भी ले गए। इनमें मंगलसूत्र, हार, झुमकी, अंगूठी, करधन, पायल, बिछिया और बच्चों के जेवर शामिल हैं। पीड़ित ने चोरी गए कुल सामान की कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।

Share this Article