जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड के सिलादेही गांव में हर घर नल-जल योजना दो साल से अधिक समय बाद भी अधूरी है। गांव में पानी की टंकी बन चुकी है, लेकिन पाइपलाइन का काम पूरा नहीं होने से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा। गर्मी में पेयजल संकट झेल रहे ग्रामीण योजना का लाभ मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, योजना शुरू होने पर उम्मीद थी कि घरों में नल से पानी मिलने लगेगा और पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। लेकिन लंबे समय बाद भी नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। गर्मी में तालाबों का जलस्तर घटने और भूजल नीचे जाने से परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे में ग्रामीणों को हैंडपंप और बोरवेल पर निर्भर रहना पड़ता है।
योजना के अधूरे काम को लेकर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की स्थिति स्पष्ट करने और जल्द जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि योजना पर खर्च के बावजूद यदि घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है, तो इसकी जांच होनी चाहिए और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
सरपंच ने नहीं लिया योजना का हैंडओवर
ग्राम पंचायत सिलादेही की सरपंच संतोषी पटेल ने बताया कि नल-जल योजना का काम पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है। गांव के सभी घरों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो पाई है। इसी वजह से पंचायत ने अब तक योजना का हैंडओवर नहीं लिया है। संबंधित एजेंसी को अधूरे काम पूरे करने के लिए कहा गया है।
