पोल्ट्री इंडस्ट्री पर 50 साल का सबसे बड़ा संकट! महंगे मक्का-सोयाबीन से घटा उत्पादन

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

राजनांदगांव। देश का पोल्ट्री उद्योग इन दिनों महंगे मक्का और सोयाबीन के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बहादुर अली ने मौजूदा हालात को पिछले 50 वर्षों का सबसे बड़ा संकट बताया है। उनका कहना है कि फीड की कीमतें बढ़ने से मुर्गी पालन की लागत में इजाफा हुआ है और कई ग्रामीण पोल्ट्री फार्म बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं।

जमाखोरी से कृत्रिम किल्लत का आरोप

बहादुर अली के मुताबिक, देश में मक्का और सोयाबीन का पर्याप्त उत्पादन होने के बावजूद बाजार में इनकी कमी दिखाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भविष्य में कीमतें बढ़ने की उम्मीद में बड़े कारोबारी इनका भंडारण कर रहे हैं। इससे बाजार में कृत्रिम किल्लत पैदा हो रही है।

15 दिसंबर के बाद चिकन महंगा होने की आशंका

महंगे फीड के कारण पोल्ट्री उद्योग ने उत्पादन कम करना शुरू कर दिया है। एसोसिएशन अध्यक्ष ने आशंका जताई कि इसका असर 15 दिसंबर के बाद बाजार में दिखाई दे सकता है। उत्पादन घटने से चिकन की कीमतें बढ़ने की स्थिति बन सकती है। मक्के की महंगाई का असर एथनॉल उद्योग पर भी पड़ने का दावा किया गया है।

केंद्र सरकार से दो बड़ी मांगें

पोल्ट्री एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से मक्का और सोयाबीन पर स्टॉक लिमिट लागू करने की मांग की है। इसके अलावा सरकार के पास उपलब्ध 30 लाख टन कनकी पोल्ट्री उद्योग को सरकारी दर पर देने की अपील की है।

बहादुर अली का कहना है कि इन कदमों से जमाखोरी पर नियंत्रण और पोल्ट्री व डेयरी कारोबार से जुड़े ग्रामीण परिवारों की आजीविका सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है।

Share this Article