खेती के सीजन में 20 दिन बंद रहेंगे ग्रामीण रोजगार योजना के काम, जानें किस क्षेत्र में कब लगेगी रोक

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेती के व्यस्त सीजन के दौरान ग्रामीण रोजगार योजना के काम 20 दिनों तक बंद रहेंगे। राज्य सरकार ने कृषि कार्यों के लिए मजदूरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है। इसके तहत बस्तर, छत्तीसगढ़ मैदानी और सरगुजा के उत्तरी क्षेत्रों के लिए अलग-अलग तारीखें निर्धारित की गई हैं।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार, विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G अधिनियम के तहत यह व्यवस्था लागू की गई है। निर्धारित अवधि में ग्राम पंचायतों में न तो नए काम शुरू होंगे और न ही पहले से स्वीकृत कार्यों का निष्पादन किया जाएगा।

तीन क्षेत्रों में अलग-अलग तारीखें निर्धारित

सरकार के आदेश के मुताबिक, बस्तर के पठारी क्षेत्र में 5 से 25 नवंबर तक रोजगार योजना के काम बंद रहेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ के मैदानी और सरगुजा के उत्तरी क्षेत्रों में 10 से 30 नवंबर तक कामकाज पर रोक रहेगी। प्रत्येक कृषि जलवायु क्षेत्र के लिए 20 दिनों की अवधि निर्धारित की गई है।

मजदूरी और बेरोजगारी भत्ते का भुगतान जारी रहेगा

प्रतिबंध के दौरान बेरोजगारी भत्ते का भुगतान, मजदूरी में देरी होने पर मिलने वाला मुआवजा और योजना के प्रशासनिक खर्च जारी रहेंगे। ग्राम पंचायतों, कार्यक्रम अधिकारियों और जिला कार्यक्रम समन्वयकों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राकृतिक आपदा में मिल सकती है छूट

प्राकृतिक आपदा या अन्य असाधारण परिस्थितियों में राज्य सरकार की सिफारिश पर केंद्र सरकार इस प्रतिबंध में छूट दे सकती है। सरकार ने यह निर्णय स्थानीय कृषि गतिविधियों और फसलों की कटाई-बुआई के समय को ध्यान में रखकर लिया है।

इस व्यवस्था का उद्देश्य खेती के महत्वपूर्ण समय में ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि मजदूरों की कमी को रोकना और किसानों को समय पर श्रमिक उपलब्ध कराना है।

Share this Article