‘मां-बहन, बेटियों के साथ गरबा में जाएं’, सलीम राज की मुस्लिम युवाओं से अपील

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर । शारदीय नवरात्रि के दौरान गरबा आयोजनों को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम युवाओं से अपील की है।

डॉ. सलीम राज ने कहा कि गरबा केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मां दुर्गा की आराधना से जुड़ा धार्मिक आयोजन है। इसलिए इसमें शामिल होने वाले लोगों को आयोजन की आस्था, परंपराओं और नियमों का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने मुस्लिम युवाओं से कहा कि अगर वे गरबा में शामिल होना चाहते हैं तो आयोजकों की अनुमति लेकर जाएं। उन्होंने युवाओं से अपनी मां, बहनों और बेटियों के साथ गरबा में शामिल होने की अपील की।

डॉ. राज ने यह भी कहा कि युवाओं को दूसरे समाज की महिलाओं के साथ गरबा करने से बचना चाहिए। उन्होंने पंडाल में जाने से पहले वहां की धार्मिक परंपराओं का सम्मान करने की बात कही। इसमें पूजा, तिलक और कलावा जैसी परंपराओं का पालन शामिल है।

उन्होंने कहा कि गरबा आयोजन की धार्मिक प्रकृति को देखते हुए इसमें शामिल होने वाले हर व्यक्ति को आयोजन की मर्यादा और नियमों का ध्यान रखना चाहिए।

डॉ. सलीम राज ने पहचान छिपाकर गरबा आयोजनों में शामिल होने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की भी मांग की है।

Share this Article