रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही रायपुर जिले के किसानों में उत्साह देखने को मिला। खरीदी के पहले दिन जिले के 129 उपार्जन केंद्रों में 366 किसानों ने कुल 9,365.60 क्विंटल धान बेचा। इससे 2 करोड़ 29 लाख 51 हजार रुपये का कारोबार हुआ। इस खरीफ सीजन में राज्य सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है।
जिले में बनाए गए 21 नए धान खरीदी केंद्र
रायपुर जिले में इस वर्ष कुल 159 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 21 नए केंद्र भी शामिल हैं। पहले दिन 129 केंद्रों में खरीदी शुरू हुई, जबकि नए बनाए गए केंद्रों में से 17 केंद्रों में भी धान खरीदी की शुरुआत हो गई। नए केंद्र खुलने से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। सरकार ने प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी की व्यवस्था की है।
विधायक और कलेक्टर ने किया खरीदी का शुभारंभ
गोबरा नवापारा तहसील के नवीन धान उपार्जन केंद्र उमरपोटी में अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने पूजा-अर्चना कर खरीदी शुरू कराई। वहीं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जोरा, नगपुरा, बरौदा और मुंरेठी खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान कलेक्टर ने नमी मापक यंत्र से धान की जांच की और तौल प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खरीदी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
पेयजल, छाया और तौल व्यवस्था के निर्देश
कलेक्टर ने सभी केंद्रों में पेयजल, बैठने, छाया, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने विभिन्न खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
‘तुंहर टोकन’ ऐप से घर बैठे मिलेगा टोकन
किसानों को टोकन के लिए समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की सुविधा दी गई है। किसान घर बैठे अपनी सुविधा के अनुसार टोकन प्राप्त कर निर्धारित तारीख पर धान बेच सकते हैं।
