भोपाल : चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच अब पूरी तरह केंद्रीय जांच एजेंसी CBI के हाथों में है। एजेंसी मामले की तह तक पहुंचने के लिए लगातार सबूत जुटाने और संबंधित लोगों से पूछताछ करने में लगी हुई है। इसी बीच जांच प्रक्रिया में उस समय बड़ा मोड़ आ गया, जब SIT की ओर से सौंपी गई केस डायरी को लेकर सवाल खड़े हो गए।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक SIT ने CBI को जो केस डायरी सौंपी थी, उसमें कई अहम जानकारियां शामिल नहीं थीं। इसे लेकर CBI अधिकारियों ने नाराजगी जताई और SIT की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
CBI की फटकार के बाद सौंपे गए संशोधित दस्तावेज
बताया जा रहा है कि केस डायरी में कई महत्वपूर्ण बिंदु गायब थे। इसी को लेकर CBI अधिकारियों ने SIT को फटकार लगाई। इसके बाद SIT प्रमुख रजनीश कश्यप ने संशोधित केस डायरी और कुछ जरूरी दस्तावेज CBI को सौंपे।सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसी अब हर पहलू को नए सिरे से खंगाल रही है ताकि मामले की सच्चाई तक पहुंचा जा सके।
पति और सास से पूछताछ, रिश्तों की भी हो रही जांच
CBI अधिकारियों ने ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह से पूछताछ की है। पूछताछ के दौरान वैवाहिक संबंधों और पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर भी जानकारी जुटाई गई।इसके अलावा एजेंसी ने ट्विशा के परिजनों से भी मुलाकात की है। जांच टीम अब पुराने सबूतों और फॉरेंसिक पहलुओं की दोबारा जांच करने की तैयारी में है।
डिजिटल सबूतों पर खास फोकस, कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही जांच एजेंसी
इस मामले में डिजिटल सबूतों को काफी अहम माना जा रहा है। पुलिस ने कोर्ट को जानकारी दी है कि गिरिबाला सिंह समेत मामले से जुड़े अन्य लोगों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड के लिए टेलीकॉम कंपनियों को पत्र भेजा गया है।जानकारी के मुताबिक ट्विशा शर्मा की मौत के बाद गिरिबाला सिंह ने 46 लोगों को फोन कॉल किए थे। अब जांच एजेंसी इन कॉल रिकॉर्ड्स और बातचीत के पैटर्न को भी गंभीरता से जांच रही है।
परिवार ने राष्ट्रपति तक पहुंचाई न्याय की मांग
गौरतलब है कि इस मामले को लेकर ट्विशा शर्मा का परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहा है। मामला अब आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं के बीच उलझा हुआ है, जिसे सुलझाने के लिए CBI हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
